जिला विद्यालय निरीक्षक ने जल्द अपलोड न करने पर दिए कार्रवाई के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। माध्यमिक शिक्षा सचिव ने 30 अप्रैल तक छात्रों का आंतरिक मूल्यांकन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए थे। शासन के निर्देश के बावजूद जिले के पांच विद्यालयों में 424 छात्र-छात्राओं का आंतरिक मूल्यांकन पोर्टल पर अपलोड नहीं किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दो दिन में मूल्यांकन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा समाप्त के बाद हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के आंतरिक मूल्यांकन और नैतिक, योग, खेल व शारीरिक शिक्षा विषय की लिखित और प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए थे। माध्यमिक शिक्षा विभाग के सचिव ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 30 अप्रैल तक परिषद की वेबसाइट पर आंतरिक मूल्यांकन अपलोड करने तथा जिला विद्यालय निरीक्षक को नियमित मॉनिटिरिंग के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद जिले के पांच विद्यालयों ने 424 छात्र-छात्राओं का आंतरिक मूल्यांकन परिषद की वेबसाइट पर अपलोड नहीं किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि परिषद के सचिव के निर्देश पर सभी प्रधानाचार्यों को 30 अप्रैल तक आंतरिक मूल्यांकन अंक बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश दिए थे। जिले के 137 विद्यालयों में शत-प्रतिशत छात्रों का आंतरिक मूल्यांकन वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। शेष पांच विद्यालयों को शुक्रवार कर मूल्यांकन वेबसाइट पर अपलोड न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।