चिट्ठी के साथ बंदूक की गोली भेजकर दी जान से मारने की धमकी
चिकित्सक के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे मेें कैद हुआ बदमाश
तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला, छानबीन में जुटी
बड़ौत (बागपत)। बिनौली रोड निवासी एक चिकित्सक को बंदूक की गोली के साथ एक चिट्ठी भेजकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। चिट्ठी डालने वाला बदमाश चिकित्सक के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इससे दहशत में आए चिकित्सक और उसके परिवार ने पुलिस से जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पीड़ित चिकित्सक डाक्टर सुरेश चंद शर्मा ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका मकान में ही क्लीनिक भी है। 26 फरवरी की सुबह मुख्य दरवाजे पर एक छोटा साबुन का डिब्बा पड़ा मिला। डिब्बा खोलकर देखा तो उसमें हाथ से लिखी चिट्ठी और एक गोली की रखी हुई थी। चिट्ठी में पांच दिन में पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी न देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। इससे वह और उसका परिवार दहशतजदा है।
इस संबंध में सीओ आलोक सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चिट्ठी के साथ एक गोली भी मिली है। पुलिस छानबीन में जुटी है कि यह मामला सही है या फिर किसी शरारती तत्व ने मजाक किया है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक चिट्ठी डालता हुआ दिख रहा है। इस फुटेज के आधार पर बदमाश का पता लगाया जा रहा है।