बाजार में दिख रही खासी चहल-पहल, व्यापारियों ने ली राहत की सांस
आगे भी अच्छा कारोबार होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। कोरोना कर्फ्यू हटे तीन दिन हो गए है। इसके बाद बाजार में चहल पहल बढ़ गई है। लोग घरों से बाहर निकलकर मोबाइल फोन, लैपटॉप, कपड़े, सोना-चांदी, बाइक सहित अन्य घरों में इस्तेमाल होने वाले सामान की जमकर खरीददारी कर रहे है। यह वजह है कि इन तीन दिनों में जनपद में तकरीबन पांच करोड़ का कारोबार हुआ है। अच्छा कारोबार होने पर व्यापारी व दुकानदार भी खुश नजर आ रहे है।
बाजारों को सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक खोलने के निर्देश हैं। ऐसे मेें काफी समय से बंद रही दुकान अब समय पर ही खुलने लगी है। नेहरू मूर्ति, संजय मूर्ति, बिनौली रोड, गांधी रोड, घट्टा बाजार, फूंसवाली मस्जिद, कोताना रोड, बड़ौली रोड, बावली रोड, बिजरौल रोड सहित अन्य मुख्य मार्गों पर स्थित कपड़े, मोबाइल, सराफा, मोबाइल फोन सहित किराने की दुकान पर अब भीड़ देखने को मिल रही है। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित वाहन शोरूमों पर भी ग्राहक बढ़ गए है। कारोबारियों का कहना है कि लोगों में अभी भी कोरोना का डर है। फिर भी इन तीन दिनों में अच्छा कारोबार रहा। आगे भी अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। कारोबारियों के अनुसार जनपद में पिछले तीन दिनों के अंदर लगभग पांच करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।
सहालग में कारोबार को पंख लगने की उम्मीद
सहालग को लेकर भी व्यापारी आशान्वित हैं। हालांकि अभी शादियों में मेहमानों की संख्या की सीमित रखी गई है। फिर भी व्यापारियों को उम्मीद है कि उनके नुकसान की कुछ भरपाई हो जाएगी। जून और जुलाई में शादी के 17 शुभ मुहूर्त हैं। इनमें जून में 4, 5, 6, 17, 19, 22, 24, 26, 28, 30 तारीख को जबकि जुलाई में 1, 2, 7, 18, 20, 21 और 22 तारीख को लग्न है।
ये बोले व्यापारी
कपड़ा व्यापारी अनुज जैन का कहना है कि बहुत अधिक ग्राहक बाजार में नहीं था। लेकिन बाजार खुलने से कारोबारी में खुशी है। सहालग सीजन तो खत्म हो गया है लेकिन शादियां जुलाई तक हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में अच्छा कारोबार मिलने की उम्मीद है। बृहस्पतिवार तक जनपद में तकरीबन 20 लाख का कारोबार मिला।
इलेक्ट्रिक दुकानदार अमित जैन ने कहा कि गर्मी का आधा सीजन तो कोरोना के चलते निकल गया है। बाजार में ग्राहक भी खूब आ रहे है। तकरीबन 15 लाख के कारोबार हुआ है।
मोबाइल विक्रेता मुदित जैन का कहना है कि मोबाइल-लैपटॉप की लोगों ने अच्छी खरीदारी की। तमाम ऐसे लोग थे जिनके फोन खराब हो गए थे, लेकिन किसी तरह इस्तेमाल कर रहे थे। स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं। इसके चलते भी बाजार पर अच्छा असर था।
दुकानदार आशीष जैन, संदीप गर्ग व आशीष जैन ने बताया कि कोरोना कर्फ्यू के बाद पहले दिन बाजार में बहुत अधिक ग्राहक नहीं आए थे, लेकिन पिछले दो दिनों से ग्राहकों की संख्या बढ़ी है। लोगों ने जरूरत के मुताबिक कपड़ा, खाने-पीने की चीजें अधिक खरीदी हैं। आगे अच्छा व्यापार मिलने की संभावना है।
बिनौली रोड स्थित पेट्रोल पंप के संचालक शिवेंद्र का कहना है कि कोरोना कर्फ्यू हटने के बाद मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ी है, जिस कारण डीजल व पेट्रोल की अच्छी सेल हो रही है। तीन दिनों के अंदर लगभग एक करोड़ से अधिक डीजल व पेट्रोल की ब्रिकी हो गई है।
सभी प्रकार के बाजार खुल गए हैं। लोग अब निर्माण कार्य भी करा रहे हैं। बाजार में ग्राहक थे। हालांकि पुराने सौदों का व्यापार अधिक हुआ है। लगातार बाजार खुलने से कारोबार तेजी से बढ़ेगा। तीन दिनों में पांच करोड़ का कारोबार हुआ है। - अरुण तोमर बोबी, जिलाध्यक्ष, उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल।