खेलो इंडिया योजना के तहत शीघ्र शुरू कराया जाएगा निर्माण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत मीतली गांव में तीन करोड़ 32 लाख रुपये की धनराशि से मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। मंगलवार को शासन ने स्टेडियम के निर्माण के लिए एक करोड़ 66 लाख रुपये की पहली किश्त जारी कर दी है। अब गांव में शीघ्र ही स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
सांसद प्रतिनिधि ठाकुर प्रदीप सिंह ने बताया कि जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत शासन को मीतली गांव में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था। गांव में स्टेडियम के निर्माण की अनुमति पूर्व में ही मिल गई थी। मंगलवार को शासन ने स्टेडियम के निर्माण के एक करोड़ 66 लाख रुपये की पहली किश्त जारी कर दी है। अवर सचिव ओमप्रकाश चंचल ने पत्र जारी कर मीतली गांव में स्टेडियम बनाने के लिए एक करोड़ 66 लाख रुपये का बजट की जानकारी दी है। गांव में स्टेडियम का निर्माण होने पर युवाओं को खेल की सुविधाओं का लाभ मिलेगा। आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।