बागपत। कस्बे के मोहल्ला चौहानान में सोमवार रात निराश्रित गोवंश को पीटने को लेकर दो पक्षों में मारपीट के बाद पथराव व फायरिंग हो गई। जिससे अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और कई लोगों को हिरासत में ले लिया। देर रात तक दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पर डेरा डाले हुए थे।
चौहानान मोहल्ला निवासी राजवीर चौहान ने बताया कि शाम को बिल्लू गुर्जर पक्ष के कुछ युवक निराश्रित गोवंश को लाठी-डंडे से पीट रहे थे। इसका विरोध किया तो उन्होंने राजवीर पक्ष के युवकों से मारपीट कर दी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि बिल्लू गुर्जर पक्ष के लोगों ने पथराव और फायरिंग कर दी।
दूसरी ओर, बिल्लू गुर्जर पक्ष ने आरोप लगाया कि वह निराश्रित गोवंश को हटा रहे थे। इसी दौरान राजवीर पक्ष के लोगों ने उनसे मारपीट की। विरोध करने पर पथराव और फायरिंग कर दी। घटना की जानकारी पाकर कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो उपद्रव कर रहे लोग भागने लगे। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया और कोतवाली आ गई। इसके बाद दोनों पक्ष से बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक किसी पक्ष ने भी थाने में तहरीर नहीं दी थी। वहीं, समझौते के प्रयास जारी थे। थाना पुलिस का कहना है कि घटना की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।