ब्राह्मण पुट्ठी के 25 लोगों के खिलाफ हमले का केस दर्ज
बागपत। ब्राह्मण पुट्ठी गांव में परिवार पर जानलेवा हमले के मामले में पांच लोगों को नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गोली लगने से घायल छात्र का मेरठ के अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी रीढ़ की हड्डी में गोली फंसी हुई है। ऑपरेशन के बाद गोली निकाली जाएगी। छात्र की हालत चिंताजनक बनी है।
ब्राह्मण पुट्ठी गांव निवासी अमन पुत्र मनोज शर्मा एक इंटर कॉलेज में कक्षा आठ का छात्र है। सात अगस्त को उसका गांव के ही सागर से स्कूल में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों छात्रों के बीच समझौता भी हो गया । रविवार को शाम के समय छात्र अमन का भाई नीतिश अपने मां नीतू के साथ दूध लेकर घर लौट रहा था। इसी समय सागर और उसके परिजनों ने दोनों को घेर लिया। उनकी लाठी डंडों से पिटाई की। हमलावरों ने नीतिश को गोली मारकर घायल कर दिया । उसकी कमर में गोली लगी है। झगड़े में घायल नीतिश के अलावा उसकी मां नीतू, पिता मनोज शर्मा, बिमलेश, बालकिशन, प्रवेश, विकास, गौरव घायल हो गए । पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया । घायल नीतिश को मेरठ रेफर किया। मेरठ में उसका इलाज चल रहा है। उसकी रीढ़ की हड्डी में गोली फंसी है। परिजनों के अनुसार ऑपरेशन के बाद गोली निकाली जाएगी। घायल पक्ष के बालेश्वर दयाल ने राधेश्याम पुत्र भागमल, पिंटू, दिनेश उर्फ सिंटू पुत्र चाहत राम, गंगाराम पुत्र उमेद, सौरभ पुत्र घनुस राम सहित 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने छात्र सागर और दिनेश उर्फ सिंटू को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। शेष फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगी है।