फायरिंग के बाद बागपत कोतवाली में तहरीर देने जाते पीड़ित लोग।
- फोटो : amar ujala
बागपत के अग्रवाल मंडी टटीरी के सूरजपुर महनवा गांव में नवाब और नौशाद पक्ष में हुआ मामूली विवाद धीरे-धीरे बड़ा रूप धारण कर रहा है। आरोप है अहेड़ा गांव के कुछ लोगों ने नवाब के घर और गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग की। इससे गांव में दहशत उत्पन्न हो गई। उन्होंने पुलिस से शिकायत की है।
महनवा गांव में नवाब और नौशाद पक्ष में दो दिन पूर्व मामूली विवाद हो गया था। उन्होंने एक-दूसरे पर मारपीट कर अभद्रता करने का आरोप लगा कोतवाली में शिकायत की थी। इस मामले को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। नतीजा यह हुआ कि बुधवार शाम गांव में फायरिंग हुई। आरोप है कि फायरिंग नौशाद पक्ष ने अहेड़ा गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर नवाब के घर पर की है।
इस दौरान आरोपी गांव में भी फायरिंग करते भाग गए। इससे गांव में भगदड़ मच गई। गांव के लोगों ने मकानों में घुसकर अपनी जान बचाई। इससे गांव में दहशत उत्पन्न हो गई। बाद में लोगों ने मामले की पुलिस से शिकायत की। सीओ कर्मवीर सिंह ने कहा मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत आती है तो अवश्य कार्रवाई होगी।
नौशाद के विरोध में आया परिवार
बागपत। गांव में फायरिंग करने के मामले में गांव के लोगों के साथ नौशाद का परिवार भी कोतवाली पर पहुंचा। उसकी पत्नी शबनम ने कहा उसका पति गलत कार्य कर रहा है। वे गांव के लोगों के साथ है। इस मौके पर शबाना, छोटी, फिरदौस, रिहाना, मोमीना, शेर मोहम्मद, नबाव, यूसुफ आदि मौजूद रहे।