खेकड़ा। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित राज्यमंत्री केपी मलिक के भाई रविंद्र की स्क्रैप फैक्टरी में बृहस्पतिवार सुबह आग लग गई। आग से फैक्टरी में रखा लाखों का सामान जल गया। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद बुझाई। इसमें एक सिपाही भी तबीयत बिगड़ने से बेहोश हो गया। दो महीने पहले भी फैक्टरी में आग लगी थी। खेकड़ा तहसील के सामने वन विभाग के राज्यमंत्री केपी मलिक के भाई रविंद्र मालिक की गो ग्रीन के नाम से स्क्रैप फैक्टरी है। वहां पुराने वाहनों को काटने का कार्य किया जाता है। बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे अचानक फैक्टरी के गोदाम में आग लग गई। उस समय गोदाम में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। कुछ ही देर में धुएं के गुबार उड़ने लगे। आग लगने के बाद कर्मचारियों ने फैक्टरी मालिक और दमकल विभाग को दी। दमकल कर्मी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। दमकल कर्मियों ने पांच गाड़ियों से करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया।
दमकल विभाग के अनुसार आग लगने से लाखों रुपये का स्क्रैप जल गया।स्क्रैप फैक्टरी में आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग के हेड कांस्टेबल अनिल कुमार की अचानक तबीयत खराब हो गई और बेहोश होकर गिर गया उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। दमकल कर्मियों ने बताया कि अनिल कुमार को दौरा पड़ता है और उसको घटना के दौरान दौरा पड़ गया था। जिसकी तबीयत ठीक है।
फैक्टरी में करीब दो महीने पहले भी आग लग चुकी है। तब आग लगने का कारण फैक्टरी के ऊपर से जा रही उच्च क्षमता की विद्युत लाइन का तार टूटना बताया गया था। अब आग लगने के सही कारणों का पता नहीं लग बताया जा सका। दो माह पहले लगी फैक्टरी में आग के बाद भी उपकरणों की जांच रिपोर्ट का पता नहीं चला, जबकि दमकल विभाग अन्य फैक्टरी व अस्पताल समेत किसी भी जगह आग लगने पर सबसे पहले उनकी फायर सेफ्टी की जांच करता है।