बड़ौत। सराय रोड पर स्थित शंकर नमकीन बनाने की फैक्टरी में बृहस्पतिवार तड़के अचानक आग लग गई। जिससे आसपास स्थित फैक्टरी मालिकों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लगभग 30 लाख का नुकसान होना बताया जा रहा है।
बड़ौत की नई मंडी के रहने वाले संजय अग्रवाल व दिनेश अग्रवाल की नगर में सराय रोड पर शंकर नमकीन के नाम से फैक्टरी है। बृहस्पतिवार देर रात डेढ़ बजे के करीब फैक्टरी में आग लग गई। इसकी सूचना वहां से गुजरने वाले लोगों ने आसपास स्थित फैक्टरी मालिकों व शंकर नमकीन फैक्टरी के मालिक संजय अग्रवाल को तकरीबन साढ़े छह बजे दी। सूचना पर काफी संख्या में लोग व दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फैक्टरी मालिक संजय अग्रवाल ने बताया कि फैक्टरी में रखा सामान, मशीन, कूलर, तैयार की गई नमकीन समेत लगभग 30 लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
चौकीदार होता तो टल सकता था हादसा
शंकर नमकीन बनाने वाली फैक्टरी में कोई चौकीदार नहीं है। लोगों का कहना है कि यदि फैक्टरी पर चौकीदार तैनात होता, तो शायद यह हादसा नहीं होता।
व्यापारियों ने की मुआवजे की मांग
शंकर नमकीन बनाने वाली फैक्टरी में आग से हुए नुकसान को लेकर व्यापारी संजय अग्रवाल व दिनेश अग्रवाल का परिवार काफी दुखी है। नगर के व्यापारियों में मुदित जैन, नवनीत जैन, नवीन जैन बब्बल, हर्षित जैन, संजय जैन, मनोज जैन मसाले वाले, अनुराग जैन आदि ने पीड़ित के लिए मुआवजे की मांग की।