बागपत। दो मई को पंचायत चुनाव की मतगणना की तैयारी शुरू हो गई है। मतगणना केंद्रों में आग से सुरक्षा के लिए अग्नि सुरक्षा उपकरण व कर्मचारी तैनात होंगे। कोरोना संक्रमण को देखकर मतगणना केंद्रों पर स्वास्थ्य कर्मी तैनात होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम राजकमल यादव ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी को मतगणना केंद्रों पर कर्मचारी और स्वास्थ्य अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में दो मई को सभी ब्लॉक में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी, जो तीन मई तक चलने की संभावना है। मतगणना के लिए 29 से 30 अप्रैल तक गेटवे इंटरनेशनल स्कूल में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण केंद्र और मतगणना केंद्रों पर काफी संख्या में अधिकारी व कर्मचारियों की मौजूदगी में मतगणना होगी। इस दौरान केंद्रों पर उम्मीदवार व उनके अभिकर्ता भी मौजूद होंगे। कोरोना संक्रमण को देखकर सभी विकास खंडों के मतगणना केंद्रों पर चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था कराई जाएगी। डीएम ने सीएमओ को मतगणना के दौरान सभी विकास खंडों पर संक्रमण से बचाव के लिए एक-एक एंबुलेंस ( कृत्रिम ऑक्सीजन सुविधा) सहित, मेडिकल स्टाफ और दवाओं की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा मुख्य अग्नि शमन अधिकारी को मतगणना के दौरान सभी विकास खंडों पर अग्नि सुरक्षा उपकरण व कर्मचारियों को तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
इन केंद्रों पर होगी मतगणना
ब्लॉक केंद्र का नाम
बागपत सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज, बागपत
खेकड़ा महामना मालवीय इंटर कॉलेज, खेकड़ा
पिलाना नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज, पिलाना
बिनौली सर्वहितकारी इंटर कॉलेज, बिनौली
छपरौली श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, छपरौली
बड़ौत कालंदी कॉलेज ऑफ एजूकेशन