कोतवाली में भी दोनों पक्षों के बीच जमकर हुई नोकझोंक, पुलिस ने कराया मामला शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। एक निजी अस्पताल में मंगलवार को उपचार के दौरान पांच माह के बच्चे की मौत हो गई। इस पर पति और पत्नी पक्ष के लोगों के बीच अस्पताल के बाहर जमकर संघर्ष हुआ। इसमें कई लोग घायल हो गए। लोगों ने मामला शांत कराया। दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में शिकायत लेकर पहुंचे। यहां भी दोनों के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। फिलहाल बच्चे के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर मामले की जांच कर रही है।
कोताना गांव के रहने वाले एक युवक का निकाह दो साल पहले नगर की गुराना रोड निवासी एक युवती से हुआ था। दोनों को पांच माह पहले एक बेटा पैदा हुआ। युवक दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित एक दुकान में बाइक मैकेनिक का काम करता है। कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चला आ रहा है। तकरीबन 15 दिन पहले महिला अपने बेटे को लेकर मायके में आ गई थी। युवक पक्ष के लोगों का कहना है कि उसकी मां बीमार बच्चे को ही दुकान पर पर छोड़कर चली गई। बच्चे की हालत को देखते हुए उसे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को उसकी मौत हो गई। यह सूचना जब बच्चे की मां को लगी तो उसके साथ उसके मायके से तकरीबन 25 से 30 लोग आए और अस्पताल में मौजूद बच्चे के पिता व उसके परिजनों को पीटने लगे। दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मारपीट में कई लोग लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस अस्पताल में पहुंची और दोनों पक्ष के लोगों को समझाकर शांत किया। दोनों पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचे, जहां फिर नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस ने मामला शांत कराते हुए घायलों का सीएचसी पर उपचार कराया। उधर मृत बच्चे का शव युवक के परिजन अपने साथ कोताना ले गए, जहां पर बच्चे के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया है। सीओ हरीश भदौरिया का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर आई है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।