हल्की बरसात में बन जाती है जल भराव की स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। फतेहपुर पुटठी गांव में पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण वर्षों से ग्रामीण जल भराव की समस्या से जूझ रहे है। लगातार ग्रामीण संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर रहे है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अब इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश पनपता जा रहा है।
बड़ौत से दस किलोमीटर दूर फतेहपुर पुट्ठी गांव स्थित है, जो बागपत ब्लाक में पड़ता है, गांव की कुल आबादी तकरीबन पांच हजार है, लेकिन गांव में पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण गांव के कुछ हिस्से को छोड़कर अन्य आबादी जल भराव की समस्या से जूझता जा रहा है। आलम यह है कि हल्की बरसात में ही गलियों में एक से दो फीट पानी भर जाता है। ग्रामीण मनोज व धर्मपाल आदि का कहना है कि इससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है।
इनसेट....
तालाब की सफाई न होने से जलमग्न हुई गढ़ीदुल्ला की गलियां
फोटो संख्या 7
बिनौली। क्षेत्र के गढ़ीदुल्ला गांव में स्थित तालाब पर अतिक्रमण के चलते गांव की गलियां जलमग्न है। आधा दर्जन ग्रामीणों के घरों में तालाब का गंदा पानी घुसा है। जिससे उनका जीवन नरकीय हो गया है।
गढ़ीदुल्ला गांव का तालाब अतिक्रमण से अटा पड़ा है और करीब 20 साल से सफाई भी नहीं हुई है। जिसके चलते अब बारिश में तालाब का गंदा पानी गांव की गलियों के साथ ही जिनके घर नीचे हैं, उनके घरों में पहुंचना शुरू हो गया है। ग्रामीण गौरव भारद्वाज, ओमप्रकाश शर्मा, जयप्रकाश शास्त्री, सचिन तोमर, कृष्णपाल, कल्लू, सुरेंद्र आदि के घरों में तालाब का गंदा पानी घुसा है। समस्या के समाधान के लिये उन्होंने ग्राम प्रधान से लेकर जिले के आला अधिकारियों, क्षेत्रीय विधायक, सीएम हेल्पलाइन पर अनेकों प्रार्थना पत्र दिये, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने अब ब्लॉक मुख्यालय बिनौली पर धरना शुरू करने का निर्णय लिया है।
ग्राम प्रधान फैमिदा का कहना है कि तालाब की सफाई कराने के लिये कार्य योजना तैयार कर ली गयी है जल्द ही तालाब की सफाई कराई जायेगी और जमा गंदे पानी को निकलवाया जायेगा।