बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से ट्रैक्टर रैली के साथ दिल्ली रवाना होते भकियू अध्यक्ष नरेश टि?
- फोटो : BARAUT
एकता और अनुशासन से दुनिया को हैरान कर देंगे किसान : नरेश टिकैत
बागपत/दोघट। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार की अड़ियल कार्यशैली के कारण देश का किसान दिल्ली के चारों ओर जमा हो गया है। राष्ट्रीय पर्व पर अन्नदाता अपनी एकता, शांति और अनुशासन की ताकत से दुनिया को हैरान कर देंगे। सरकार को किसान हित में कृषि कानूनों को वापस लेना चाहिए। सरकार की हठधर्मिता के कारण किसानों को जानमाल का नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों की समस्या पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप हैं।
चौधरी नरेश टिकैत ने बागपत और पुसार बस स्टैंड पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दिल्ली हमारी है। किसी से कोई बैर नहीं। किसान माफ करना भी जानता है और हक छीनना भी। सरकार की हठधर्मिता के सामने किसान नहीं झुकेंगे। कृषि कानूनों की वापसी के लिए किसान दो माह से दिल्ली बार्डर पर धरना दे रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री किसानों के लिए दो शब्द तक नहीं बोल रहे हैं। भाकियू मांग करती है कि पंजाब सरकार की तरह हरियाणा व यूपी सरकार भी किसानों का दर्द समझे। दिल्ली ट्रैक्टर परेड में लाखों की संख्या में ट्रैक्टर पहुंचेंगे। इस दौरान लाटियान खाप के चौधरी वीरेंद्र लाटियान, रविंद्र मुखिया, वीरेंद्र चौधरी, रामकुमार तोमर, नवीन, विशाल बालियान, नरेंद्र राठी, राजेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।