बागपत चीनी मिल में किसान भवन का उद्घाटन
- फोटो : amar ujala
बागपत। भाजपा सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने शुक्रवार को बागपत शुगर मिल में किसान भवन का उद्घाटन किया। सांसद ने कहा कि भवन निर्माण होने से किसानों को फायदा मिलेगा। उन्होंने चीनी मिल की पेराई क्षमता बढ़ाने का आश्वासन भी दिया।
सांसद ने कहा कि अब किसानों को बारिश, तूफान, सर्दी में परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। भवन का निर्माण किसानों के लिए हुआ है, वे इसका लाभ उठाएं। इसके अलावा जल्द ही भवन के पास शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। सांसद से मांग की गई कि जिस प्रकार रमाला चीनी मिल की पेराई क्षमता बढ़वाई गई है, उसी प्रकार बागपत मिल की भी क्षमता बढ़ाई जाए। गन्ना समिति के चेयरमैन कृष्णपाल सिंह ने पेरीफेरल हाईवे का बकाया धनराशि भुगतान कराने की मांग की। सांसद ने उन्हें जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। बड़ौत चेयरमैन एवं पूर्व विधायक केपी मलिक, खेकड़ा ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र धामा, भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर, सहंसरपाल, अलका तोमर, रामकुमार सिंह मौजूद रहे। उधर, सत्य युवा ब्रिगेड के पदाधिकारियों ने आभार प्रकट किया। समिति के अरविंद शर्मा ने बताया कि इस संबंध में सांसद से मिले थे और किसान भवन के उद्घाटन की मांग की थी।
सांसद निधि से होगा इलाज
किसान भवन के उद्घाटन के दौरान सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि कोई व्यक्ति गंभीर बीमारी से पीड़ित और इलाज कराने में असमर्थ है तो वह उनसे मिल सकते हैं। ऐसे लोगों को इलाज सांसद निधि से करवा दिया जाएगा।