बड़ौत। गन्ने का बकाया भुगतान समय पर न मिलने से किसान नाराज हैं। अब किसानों ने चीनी मिलों के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने का निर्णय लिया है।
किसानों के अनुसार मलकपुर चीनी मिल पर किसानों का पिछले साल व वर्तमान सत्र का लगभग 400 करोड़ रुपये बकाया है। किसान लगातार गन्ना भुगतान की मांग करते चले आ रहे हैं। गन्ना भुगतान समय पर न मिलने के कारण काफी किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। अब किसानों ने चीनी मिल संचालक को चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह में गन्ना भुगतान नहीं किया गया तो हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी।
ये बोले किसान-----
बड़ौत। अदलाहाबाद गांव के किसान कपिल त्यागी 50 बीघे के जमीदार है, लेकिन बकाया गन्ना भुगतान न होने पर आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। कपिल त्यागी का कहना है कि वे कई बार मिल प्रशासन से बकाया गन्ना भुगतान की मांग कर चुके है, लेकिन मिल प्रशासन मनमानी पर उतारू है।
बावली गांव के किसान नरेन्द्रपाल का कहना है कि पिछले साल और चालू पेराई सत्र का 25 लाख रुपये चीनी मिल पर बकाया है। गन्ने का भुगतान न मिलने के कारण आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
सिनौली गांव के किसान पप्पू उर्फ चंदन का कहना है कि भी 25 बीघे जमीन बो रहे है। चार लाख रुपये चीनी मिल पर बकाया हैं। भुगतान न मिलने के कारण समस्या खड़ी है।
ये बोले -
बड़ौत। एसडीएम दुर्गेश मिश्र का कहना है कि बढ़ती शिकायतों को देखते हुए लगातार मिल प्रशासन पर किसानों को बकाया गन्ना भुगतान देने का दवाब बनाया जा रहा है। शीघ्र भुगतान कराया जाएगा।