बड़ौत। नए कृषि कानून के विरोध में बड़ौत हाईवे पर धरना स्थल से चोरी हुआ किसान का सामान अभी तक नहीं मिला है। मंगलवार को थांबेदार अमीनगर सराय रोड़ स्थित मंडी पुलिस चौकी पर सामान लेने पहुंचे।
बता दे कि 27 जनवरी को हाईवे पर धरना दे रहे किसानों पर लाठीचार्ज करके धरना समाप्त करा दिया था। किसानों ने पुलिस पर सामान चोरी करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद लाठीचार्ज के विरोध में दो दिन पूर्व तहसील प्रांगण में सर्वखाप की महापंचायत हुई थी। महापंचायत में पहुंचकर एडीएम अमित कुमार, एएसपी मनीष मिश्र ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही किसानों को उनका सामान दिला दिया जाएगा।
मंगलवार को जब थांबेदार ब्रजपाल अमीनगर सराय रोड़ स्थित मंडी पुलिस चौकी पर सामान लेने पहुंचे तो काफी सामान गायब मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जतायी और चौकी प्रभारी मुकेश से सामान दिलाने की मांग की। मामला बढ़ने की सूचना पर एडीएम ने थांबेदार ब्रजपाल को आश्वासन दिया कि जल्द ही सारा सामान दिला दिया जाएगा।