खेकड़ा। नगर में पाठशाला मार्ग स्थित ए गन्ना तौल केंद्र पर उठान न होने से तौल चार दिन से बंद है। वहीं, क्रय केंद्र गन्ने से पटा पड़ा है। इससे किसानों का गन्ना खेतों में सूख रहा है। किसानों ने मिल प्रबंधन से गन्ने का उठान कराकर तौल शुरू कराने की मांग की है।
नगर में पाठशाला मार्ग पर बागपत शुगर मिल का ए गन्ना तौल केंद्र है। चार दिन से उठान नहीं होने से तौल केंद्र गन्ने से पटा हुआ है। आक्रोशित किसान बुधवार को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में गन्ना लादकर तौल केंद्र पर पहुंचे। वहां पर तौल बंद होने तथा गन्ने का उठान न होने से किसान आक्रोशित हैं। उन्होंने बुधवार को मिल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा किया। आरोप लगाया कि चार दिन से तौल बंद होने तथा गन्ने का उठान नहीं हो रहा है। मिल प्रबंधन की लापरवाही के कारण किसानों को इंडेंट समय से नहीं मिल पा रहा है। जिसके चलते किसान परेशान हैं। किसानों ने मिल प्रबंधन से तौल सुचारू कराने तथा गन्ने का उठान समय से कराने की मांग की। इस दौरान जितेंद्र, सतवीर सिंह, हरपाल, सुरेंद्र, राजू, लीलू, नरेंद्र आदि मौजूद रहे।