तीन अध्यादेश के विरोध में किसान यूनियन का तहसील पर हंगामा
पीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
मांगें पूरी नहीं होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
बड़ौत। तीन अध्यादेश, विद्युत दर बढ़ाने सहित अन्य समस्याओं के विरोध में बुधवार को किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने तहसील में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी का प्रदर्शन किया।
यूनियन के अध्यक्ष ब्रजपाल सिंह के नेतृत्व में बुधवार को काफी संख्या में किसान तहसील पहुंचे। उनका कहना था कि एक तो पहले से ही किसान बकाया गन्ना भुगतान की मार झेल रहे हैं। दूसरी ओर ऊर्जा विभाग विद्युत दर में वृद्धि कर किसानों की कमर तोड़ने का काम किया है। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 2016 में अनमीटर्ड उपभोक्ताओं पर बिल 450 प्रति माह आ रहा था, लेकिन अब 1050 प्रति माह के करीब आ रहा है। इस प्रकार तीन वर्षों में घरेलू बिजली का बिल 5 गुना हो गया है। जबकि किसानों की आमदनी में कोई इजाफा नहीं हुआ है। उन्होंने अध्यादेश के खिलाफ आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि फसलों का एमएसपी तय किया जाए, जिससे किसानों को लाभ मिल सके। लेकिन सरकार सिर्फ 6 प्रतिशत फसलों का ही एमएसपी तय करती है। इसलिए सरकार तीन किसान विरोधी अध्यादेश लेकर आई है। वही बलजोर सिंह आर्य ने बताया कि किसानों को सरकारी संरक्षण से वंचित करने की यह साजिश है। इसलिए किसान यूनियन तीनों अध्यादेशों का विरोध कर रही है। ज्ञापन देने वालों में विक्रम सिंह आर्य, वीरेन्द्र सिंह, चन्द्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।