बिनौली। यूपी पुलिस मुरादाबाद में सिपाही के पद पर तैनात बिनौली के शिवम धामा को उत्तर प्रदेश पुलिस शूटिंग टीम का कोच बनाया गया है। शिवम को पुलिस टीम का कोच बनाए जाने पर ग्रामीणों व शूटरों ने खुशी में मिठाई बांटी।
बिनौली के किसान परिवार में जन्मे शिवम धामा पुत्र देवेंद्र धामा ने वर्ष 2006 में बिनौली की चौधरी चरण सिंह शूटिंग एकेडमी से शूटिंग की शुरुआत की। इस दौरान उसने नेशनल स्तर पर कई पदक जीते। वर्ष 2016 में शिवम स्पोर्ट्स कोटे से यूपी पुलिस में भर्ती हो गया। फिलहाल वह मुरादाबाद पुलिस लाइन में सिपाही के पद पर तैनात है। शिवम ने इसी वर्ष जनवरी माह में एनआईएस पटियाला से कोच का प्रशिक्षण प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के आदेशानुसार शिवम को उत्तर प्रदेश पुलिस शूटिंग टीम का कोच नियुक्त किया गया है। शिवम के यूपी पुलिस टीम का कोच बनाये जाने पर ग्रामीणों व शूटरों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। खुशी मनाने वालों में वास स्पोर्ट्स मेरठ के निदेशक विवेक आत्रेय शर्मा, सचिन कौशिक, प्रधान उपेंद्र धामा, गगन धामा, विनय धामा, गुलवीर धामा, बिरजू आदि शामिल है।