- विकास भवन सभागार में किसान बैठक में किसानों ने गन्ना बकाया भुगतान की मांग भी उठाई
- अफसरों पर समस्याओं का समाधान नहीं करने का आरोप भी लगाया, किसानोें ने धरना भी दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान बैठक में किसानों ने नहरों में पानी छोड़ने, सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने, गन्ना बकाया भुगतान कराने सहित अन्य मांगों को लेेकर हंगामा किया। एनएचएआई के कर्मियों के नहीं आने पर कुछ देर तक किसानों ने सभागार के बाहर धरना भी दिया। वह कुछ देर बाद अंदर चले गए और मांगों का निस्तारण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सभागार में किसानों ने काफी देर तक सीडीओ के नहीं आने पर हंगामा शुरू कर दिया तो सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव के बैठक में पहुंचने पर वह शांत हुए। किसानों ने कहा कि मलकपुर चीनी मिल उनका गन्ना बकाया भुगतान नहीं कर रही है। ऐसे में किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चीनी मिल अब शुरू होने वाली है और अभी तक भी 190 करोड़ से अधिक का बकाया चल रहा है। उन्होंने प्रशासन से गन्ना क्रय केंद्रों को मलकपुर मिल से हटाकर अन्य मिलों से जोड़ने की मांग की है।
किसान भीम सिंह व वीर सिंह ने खेत से मिट्टी उठाने पर मुकदमा दर्ज करने का विरोध किया। जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह गुर्जर ने कहा कि किसानों का उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा और अफसर किसानों की समस्या को सुनने के लिए तैयार नहीं हैं। बैठक में डीएम अस्मिता लाल भी पहुंच गईं तो किसानों ने नहरों में पानी छोड़ने, रजबहे की सफाई कराने, सड़कों को गड्ढा मुक्त करने, गन्ना बकाया भुगतान कराने की मांग की। उनके सामने भी अफसरों पर भी किसानों की समस्या को अनदेखी करने का आरोप लगाया।
डीएम ने जल्द ही समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव, एडीएम पंकज वर्मा, कृषि उपनिदेशक विभाति चतुर्वेदी, जिला कृषि अधिकारी बाल गोविंद यादव, इंद्रपाल सिंह, हिम्मत सिंह, बिजेंद्र सिंह, हरेंद्र दांगी, उपेंद्र आदि मौजूद रहे।
एनएनएचआई से कोई नहीं पहुंचा, किसानों ने दिया धरना
एनएचएआई से कोई भी अधिकारी व कर्मी बैठक में नहीं पहुंचा तो किसानोें ने विरोध में सभागार के बाहर आकर विकास भवन परिसर में धरना दिया। कहा कि एनएचएआई के कर्मचारी हर बार बैठक से अनुपस्थित रहते हैं और उनकी समस्या का समाधान तक नहीं हो पाता है। बाद में समझाने पर किसान बैठक में पहुंचे और डीएम ने जल्द ही समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया।
गोवंश पकड़वाने की मांग
वहां भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह गुर्जर, शिवदत्त शर्मा, प्रदीप धामा ने सड़कों पर घूम रहे गोवंश के कारण लोगों को हो रही परेशानी को रखा। कहा कि आए दिन गोवंश लोगों को टक्कर मारकर घायल कर रहे हैं और कई लोगों की मौत हो चुकी है। प्रशासन इन्हें पकड़वाने की तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। इसके कारण किसानों व लोगों को परेशानी हो रही है। डीएम व सीडीओ ने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
बागपत विकास भवन में किसान दिवस में हंगामा करते भाकियू कार्यकर्ता। संवाद