विभिन्न मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में किसानों का धरना आठवें दिन भी जारी रहा। किसानों ने समस्याओं का समाधान नहीं होने पर दस अक्तूबर को मेरठ मंडल के सभी जिलों के किसानों के साथ महापंचायत करने का एलान किया।
बागपत में कलक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसानों ने गन्ने का बकाया भुगतान कराने, आवारा पशुओं से निजात दिलाने, बारिश में खराब हुई फसल का मुआवजा दिलाने समेत अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी की। भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह गुर्जर ने कहा कि किसानों की मांगें पूरी नहीं हो रही हैं। दस अक्तूबर को महापंचायत की जाएगी। जिसमें मेरठ मंडल के सभी जिलों के किसान पहुंचेंगे।
महापंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा किसानों को संबोधित करेंगे। बुधवार को शिक्षक संघ ने किसानों के धरने को समर्थन दिया। मौके पर प्रताप गुर्जर, एनसीआर के महासचिव प्रदीप धामा, विनोद कुमार, प्रवीण धामा, शिवदत्त शर्मा, धर्मपाल, सतीश प्रधान मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: अग्निवीर भर्ती में फर्जीवाड़ा: आर्मी इंटेलिजेंस व मुजफ्फरनगर पुलिस ने चार दबोचे, बागपत का सिकंदर है मास्टमाइंड
किसानों ने निकाला जुलूस, जमकर नारेबाजी की
तहसील में चल रहा किसानों का धरना बुधवार को भी जारी रहा। किसानों ने जुलूस निकालकर मांग पूरी न होने पर नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा कि किसान हितैषी बनाने वाली भाजपा सरकार आज खुद किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। इस दौरान तहसील के कुछ अधिवक्ताओं ने भी धरने को अपना समर्थन दिया। किसानों का जुलूस दिल्ली रोड, कोताना रोड, बड़ौली रोड, पीएन शर्मा पार्क से होते हुए वापस तहसील में जलूस समाप्त किया। मौके पर अन्नू मलिक, कालूराम, इसरार, अमित, वीरेंद्र, नरेंद्र, अरशद शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: Murder: आपसी रंजिश या फिर युवती से प्यार, नहीं खुला तालिबानी कत्ल का राज, संगीनों के साए में हुआ अंतिम संस्कार