उत्तर प्रदेश के बड़ौत के धरने पर रात के समय किसानों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में आज बड़ौत तहसील में महापंचायत की गई। वहीं महापंचायत के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। सुबह से ही पंचायत स्थल पर किसानों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। महापंचायत में रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी को भी शामिल होना था लेकिन किसी कारणवश वह शामिल नहीं हो सके।
कृषि कानूनों का विरोध, बड़ौत में किसानों पर लाठीचार्ज और गाजीपुर के घटनाक्रम के बाद बड़ौत तहसील की पंचायत में किसान जमा हैं। किसानों का कहना है कि सरकार को कृषि कानून हर हाल में वापस लेने होंगे। किसानों पर दर्ज किए गए मुकदमे भी वापस होंगे। किसानों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। पंचायत में देशखाप के चौधरी सुरेंद्र सिंह पहुंचे हैं।
देशखाप के थांबेदार बृजपाल चौधरी ने एलान किया कि लड़ाई किसानों के सम्मान की है। पुलिस-प्रशासन दमनकारी नीति अपना रहा है।किसानों को लाठियां से डराकर घरों में रहने की बात कही जा रही है, लेकिन कृषि कानून वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा। पंवार खाप, चौबासी और राठी खाप ने भी महापंचायत को समर्थन दिया है। वहीं महापंचायत के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है।
कृषि कानूनों के विरोध में और किसानों पर लाठीचार्ज किए जाने के कारण महापंचायत बुलाई गई है। थांबेदार बृजपाल सिंह ने कहा कि पहले तो पुलिस से हाईवे पर धरना दे रहे किसानों को लाठीचार्ज कर खदेड़ा। लड़ाई किसानों के हकों की है।
महापंचायत से अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर तैनात की गई पुलिस
बड़ौत तहसील में महापंचायत को लेकर पुलिस-प्रशासन दिन भर अलर्ट रहा। व्यवस्था के लिए नगर के दिल्ली बस स्टैंड, छपरौली चुंगी, दिल्ली-सहारननपुर हाईवे पर पूर्व में चल रहे धरना स्थल, बावली चुंगी, कोताना रोड आदि जगहों पर पुलिस बल तैनात किया गया।
इसके अलावा कोतवाली में भी अतिरिक्त में पुलिस बल बुलाया गया । सीओ बड़ौत आलोक कुमार का कहना है कि पुलिस लगातार किसानों से बात कर रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात की गई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/