- गाजीपुर और बड़ौत प्रकरण के विरोध में युवाओं ने फूंका सरकार का पुतला
- कहा- किसान हित की बात करने वाले भाजपा नेताआें को ही मिलेगी एंट्री
बागपत। नौरोजपुर गुर्जर गांव में युवाओं ने भाजपा सरकार का पुतला फूंका। एलान किया कि गांव में भाजपा नेताओं की एंट्री बंद है। काले झंडे दिखाकर विरोध किया जाएगा। जो भाजपा नेता किसान की बात करने के लिए गांव में आएगा, सिर्फ उसे ही आने दिया जाएगा।
गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस बल एकत्र किए जाने और बड़ौत में किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में युवा रात के समय नौरोजपुर गुर्जर गांव में एकत्र हुए। भाजपा सरकार का पुतला फूंका। युवा सभाष डागर ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों का शोषण कर रही है। किसानों को जातियों में बांटकर लड़ाने का काम शुरू कर दिया गया है। किसानों का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा। कहा कि गांव भाजपा नेताओं की एंट्री बंद कर दी गई है। अगर कोई भाजपा का नेता किसान की बात करने के लिए आता है, तो उसे आने दिया जाएगा। किसान विरोधी भाजपा नेताओं को गांव में नहीं आने दिया जाएगा। प्रथम कुमार, रूपेश कुमार, विजय कुमार, अक्षय कुमार, सर्वेश, सरवर, विकास कुमार, मोंटी, नीरज कुमार, भूरा प्रधान मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों के होर्डिंग भी कर दिए आग के हवाले
बागपत। आक्रोशित युवाओं ने गांव में लगाए गए प्रचार होर्डिंग भी आग के हवाले कर दिए। जिले के जनप्रतिनिधियों के फोटो लगे इन होर्डिंग को भी जलाकर गुस्से का इजहार किया गया।