बागपत। टांडा गांव के पास यमुना नदी किनारे हरियाणा की तरफ पानीपत प्रशासन बांध का निर्माण करा रहा है, जिसके विरोध में किसानों ने रालोद सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान से मेरठ में मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कार्य को एक माह तक रुकवाया जाए ताकि उनकी तरबूज, खरबूजा व सब्जी की फसल को नुकसान नहीं हो।
टांडा के प्रधान नवाजिश खान ने बताया कि किसानों ने यमुना खादर में तरबूज, खरबूजा, लौकी सहित अन्य फसल की बुवाई कर रखी है। ऐसे समय में पानीपत प्रशासन ने यमुना में बांध का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। कार्य शुरू होने से किसानों के सामने फसल के डूबने की समस्या खड़ी हो जाएगी और विवाद होने की स्थिति बन जाएगी। किसानों ने लाखों रुपये खर्च कर फसल की पैदावार की है। उन्होंने रालोद सांसद को ज्ञापन सौंपकर हरियाणा के पानीपत के अधिकारियों से वार्ता कर बांध निर्माण कार्य को एक माह के लिए रुकवाने की मांग की है। सांसद ने जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान पूर्व विधायक वीरपाल राठी, फरमान, शौकत, हारुन, राजकुमार, आशीष, फिरोज खान आदि मौजूद रहे।