कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस में अपनी समस्या रखते किसान कालेंद्र मलिक । संवाद
शामली। किसान दिवस में डीएम अरविंद कुमार चौहान ने शामली चीनी मिल के अधिकारियों को वर्ष 2023-24 का बकाया गन्ना भुगतान 27 करोड़ रुपये दीपावली से पहले कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने थानाभवन चीनी मिल का पिछले सत्र का 74 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान नए पेराई सत्र से पहले न होने पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को डीएम की अध्यक्षता में किसान दिवस में किसानों ने बिजली, सड़क सिंचाई और सफाई के मुद्दे उठाए। बकाया गन्ना भुगतान की समीक्षा करते हुए डीएम ने शामली चीनी मिल के अतिरिक्त गन्ना महाप्रबंंधक केपी सरोहा को तलब किया। सरोहा ने कहा कि वर्ष 2023-24 के पेराई का किसानों के समझौता के मुताबिक 27 करोड़ रुपये की किस्त दिसंबर तक दिए जाने का समय है। डीएम ने उन्हें उच्च अधिकारियों से फोन पर बात करके दीपावली से पहले 27 करोड़ रुपये की किस्त किसानों के खाते में दिए जाने के निर्देश दिए। थानाभवन चीनी मिल की बकाया गन्ना मूल्य की समीक्षा करते हुए गन्ना प्रबंधक से पूछा कि पिछले साल का बकाया गन्ना भुगतान कब तक होगा। मिल के प्रबंधक ने कहा कि नए पेराई सत्र चालू होने से पहले पिछले सत्र का बकाया गन्ना भुगतान कर दिया जाएगा।
-
बोर्ड बैठक में किसानों ने ये उठाए मुद्दे
शामली। भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष कपिल खाटियान ने कहा कि किसान दिवस में मिल के बड़े अधिकारी नहीं आते हैं। जानबूझकर छोटे अधिकारियों को भेजा जाता है। थानाभवन मिल के अधिकारी संपूर्ण गन्ना भुगतान सितंबर में किए जाने का आश्वासन दे चुके हैं। शामली गन्ना समिति के ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक प्रेमनारायण शुक्ला व सचिव ओमप्रकाश सिंह को डीएम ने निर्देश दिए कि चीनी मिल के पेराई सत्र से पहले बकाया गन्ना भुगतान न होने पर थानाभवन मिल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। भाकियू नेता गौतम पंवार ने कांधला रेलवे स्टेशन से सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की। पूर्वी यमुना नहर की पटरी वर्ष 2022 में निर्माण कराया गया था। जर्जर हालात में पटरी की मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया है। डीएम ने पूर्वी यमुना नहर खंड के अधिशासी अभियंता को तलब करके मरम्मत का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।
किसान ऋषिपाल ने अटल भूजल योजना में थानाभवन ब्लाॅक को शामिल करने की मांग उठाई। सुनील पंवार ने अटल भूजल योजना में रखे कर्मचारियों को वाहन भत्ता न मिलने का मुद्दा उठाया। पंवार ने नाला गांव में प्राइमरी स्कूल की खाली भूमि बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा नीलाम न करने का मामला उठाया। डीएम ने सीडीओ को भूमि की सफाई कराकर पार्क का निर्माण कराने के निर्देश दिए। शामली से बागपत की ओर नहर की पटरी की सफाई कराने का मुददा भी उठाया। भाकियू अराजनीतिक गुट के जिलाध्यक्ष कालेंद्र मलिक ने कहा कि बिजली का ट्रांसफार्मर फुंक जाने के बाद इसे बदला नहीं जा रहा। पिंडोरा की कविता चौधरी ने तालाब की सफाई न करने की शिकायत की। अजय पिंडौरा ने नए पेराई सत्र के लिए पांच सौ रुपये क्विंटल गन्ने का भाव जाने की मांग की है। संजीव राठी ने गोहरपुर गांव में गंदगी के ढेर की समस्या और डांगरौल गांव के राजन जावला ने मतनावली गांव में कृष्णा नदी का स्थायी पुल बनाने की मांग की। बैठक में सीडीओ विनय तिवारी, उपनिदेशक कृषि प्रमोद कुमार समेत जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। संचालन जिला कृषि अधिकारी प्रदीप यादव ने किया।