प्रधान भी मेरठ के अस्पताल में भर्ती, ग्रामीणों ने चिकित्सा शिविर लगाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। चंदायन गांव में जानलेवा बुखार ने पैर पसार लिए है। गांव में बुखार के चलते एक किसान की मौत हो गई जबकि प्रधान भी बुखार के कारण मेरठ के अस्पताल में भर्ती है। इसके अलावा गांव में कई ओर लोग भी बुखार की चपेट में है। ग्रामीणों ने गांव में चिकित्सा शिविर लगाने की मांग की है।
चंदायन गांव निवासी धर्मपाल सिंह (70) पुत्र कर्म सिंह कई दिन से नजला, जुकाम और बुखार की चपेट में थे। परिजनों ने उनका उपचार बड़ौत के एक अस्पताल में कराया लेकिन आराम न होने पर मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार की शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। गांव के प्रधान मोहर सिंह को भी बुखार ने बुरी तरह जकड़ रखा है। वे भी मेरठ के होप हॉस्पिटल में भर्ती है। इसके अलावा गांव में सागर, रोहित, परम, युग सहित कई लोग बुखार की चपेट में है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में शिविर लगाने की मांग की है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल बंसल ने कहा कि गांव में शीघ्र ही स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा।
ढिकोली में नेत्र शिविर का आयोजन
चांदीनगर। ढिकोली के जन कल्याण ग्राम सिमिति व अहिंसा सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में मंगलवार को खेकड़ा के एडीके जैन आई हॉस्पिटल द्वारा नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। नेत्र शिविर में 252 मरीजों की जांच की गई और करीब 18 मोतियाबिंद के मरीजों को ऑपरेशन के लिए खेकड़ा भेजा गया। शिविर का शुभारंभ अहिंसा सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष राकेश जैन ने किया। इस अवसर पर राकेश जैन ने कहा कि नेत्र ज्योति सबसे बड़ा उपहार है और मानवता की सेवा करना हम सभी का धर्म है। इस दौरान रामवीर ढाका, सुभाष सेठ, संदीप प्रधान, मास्टर ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।