संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। बिजवाड़ा गांव में शनिवार दोपहर एक दुखद घटना में किसान राजीव तोमर (41) की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह अपने पशुओं को नहलाने के लिए सबमर्सिबल पंप चला रहे थे। परिवार ने घटना के बाद पुलिस को पोस्टमार्टम कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है।
बिजवाड़ा गांव निवासी सुभाष ने बताया कि उनके तहेरे भाई राजीव तोमर शनिवार दोपहर खेत से घर लौटे थे। थोड़ी देर आराम करने के बाद वह पशुओं को नहलाने के लिए सबमर्सिबल चलाने खेत पर गए। सुभाष के अनुसार राजीव ने जैसे ही सबमर्सिबल चलाने के लिए तार लगाए तो उन्हें तार में लगे एक कट से तेज करंट लगा। करंट लगने से राजीव तोमर तुरंत जमीन पर गिर पड़े। इसी दौरान राजीव की पत्नी शालू चिल्लाते हुए घर पहुंची और परिवार को करंट लगने की जानकारी दी। परिवार के सदस्य तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने डंडे की सहायता से तारों को हटाया। इसके बाद राजीव को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
-जनवरी माह में पिता की हुई थी मौत
सुभाष ने बताया कि राजीव के पिता विक्रम सिंह की जनवरी माह में मौत हो गई थी, जबकि उनकी मां राजबीरी की वर्ष 2014 में मौत हो चुकी है। राजीव परिवार का इकलौता बेटा था, उसकी बड़ी बहन अंजू की शादी हो चुकी है। परिवार में पत्नी शालू, बेटा यश और एक बेटी है।