बागपत के खेकड़ा क्षेत्र के ग्राम तीगरी में चोर रात्रि में मकान में घुसे और कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से दस हजार रुपये की नगदी, सोने चांदी के आभूषण और कीमती सामान चुराकर ले गए।
क्षेत्र के ग्राम तीगरी निवासी रामदेव उर्फ काली परिजनों के साथ रविवार की रात्रि में गर्मी के चलते मकान की छत पर सो रहे थे। रात्रि में चोर दीवार फांद मकान में घुसे और कमरे का ताला तोड़ने के बाद अलमारी में रखे दस हजार रुपये नगद, सोने का एक गले का सेट, चैन, अंगूठी के अलावा एक किलो चांदी के जेवरात और कीमती कपडे़ चुराकर ले गए।
सोमवार की सुबह चार बजे जब परिजन उठकर नीचे पहुंचे तो उन्हें कमरा खुला मिला और कमरे में सामान बिखरा मिला। पीड़ित परिजनों के साथ रटौल पुलिस चौकी पहुंचे और चोरी की तहरीर दी। चौकी प्रभारी ने कहा तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।