-छात्रों के आधार कार्ड का सत्यापन भी अधूरा, डीआईओएस ने दिए जांच के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। यू-डायस पर 2398 छात्र-छात्राओं का फर्जी डाटा दर्ज कर दिया गया। इन छात्रों का नाम एक से अधिक विद्यालयों में दर्ज है। छात्रों के आधार कार्ड का सत्यापन भी अधूरा है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्यों को छात्रों का डाटा जांचने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा 45 हजार से अधिक छात्रों का आधार भी पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है।
छात्र-छात्राओं का एक से अधिक विद्यालयों में नामांकन और फर्जी नामांकन पर रोक लगाने के लिए डाटा यू-डायस पर अपडेट करने के निर्देश दिए थे। जिले में 71 असहायता प्राप्त, 52 वित्तविहीन, 19 राजकीय हाईस्कूल और इंटरमीडिएट, पांच संस्कृत बोर्ड और 535 परिषदीय विद्यालय हैं। इन विद्यालयों में 218035 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण है। शासन के निर्देश पर सभी छात्र-छात्राओं का डाटा यू-डायस पर अपलोड कर दिया गया। इनमें 2398 छात्र-छात्राएं ऐसे हैं, जिनका डाटा दो विद्यालयों में दर्ज कर दिया गया है। यह त्रुटि हुई है या फर्जीवाड़ा किया गया है, इसकी जांच के लिए डीआईओएस ने निर्देश दिए हैं।
-एक लाख का आधार सत्यापन नहीं हुआ
यू-डायस पर जिन छात्राओं का डाटा अपलोड किया गया है, उनमें से 106861 छात्र-छात्राओं के आधार का सत्यापन नहीं हुआ है। इसके अलावा 45594 छात्र-छात्राओं का आधार कार्ड अपलोड नहीं हो पाया है। इस तरह डाटा अपलोड करने में लापरवाही बरती गई है।
सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को छात्रों के नामांकन की जांच करने और छात्र-छात्राओं का सही डाटा पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा छात्रों का आधार कार्ड का सत्यापन करने को कहा गया है। रविंद्र सिंह, डीआईओएस