बड़ौत। एक्ट के मुुताबिक ग्रामीण न्यायालय में वाद भिजवाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का धरना 14वें दिन मंगलवार को भी जारी रहा। अधिवक्ताओं ने मांग पूरी होने तक धरने पर डटे रहने का निर्णय लिया।
तहसील परिसर में बड़ौत बार एसोसिएशन के बैनर तले मंगलवार को भी अधिवक्ताओं ने धरना दिया और 11 अधिवक्ता क्रमिक अनशन पर बैठे थे। एसोसिएशन अध्यक्ष वेदपाल सिंह पंवार ने कहा कि ग्रामीण न्यायालय में वाद स्थानांतरित कराने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का धरना चल रहा है। मामले की जानकारी सभी संबंधित अधिकारियों को है, मगर जायज मांग को पूरा करने में उदासीनता बरती जा रही है। आमजन के हित में मांग पूरी होने तक अधिवक्ताओं का धरना व क्रमिक अनशान बदस्तूर जारी रहेगा। क्रमिक अनशन करने वालों में राहुल चौहान, पुष्पेंद्र उज्ज्वल, साजिद अली, विनेश तोमर शामिल रहे।