बागपत। टीबी मरीजों को गोद लेने वाली फैजपुर निनाना प्रदेश की पहली ग्राम पंचायत बन गई है। निनाना की प्रधान ने बागपत शहर सहित कई गांवों के टीबी मरीजों को गोद लेने के लिए कदम आगे बढ़ाया और इसके लिए डिप्टी सीएमओ को शपथ पत्र सौंपा। पंचायत द्वारा मरीजों को हर माह पौष्टिक आहार देने के साथ बीमारी के प्रति जागरूक किया जाएगा।
टीबी के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में विभाग द्वारा भी ग्रामीणों को बीमारी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। प्रदेश सरकार भी मरीजों को हर माह पांच सौ रुपये व दवाई देती है, ताकि मरीज ठीक हो सकें। अब टीबी मरीजों को हर माह पौष्टिक आहार देने के लिए फैजपुर निनाना गांव की प्रधान प्रीति देवी व रोहित धनकड़ ने कदम बढ़ाया है। उन्होंने जिला क्षय रोग अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वयक मनीष पांडेय एडीओ सुधीर कुमार लिखित पत्र दिया है और कहा कि वह मरीजों का ध्यान रखेंगे। मरीजों को हर माह दूध, फल, जूस, हरी सब्जी आदि सामान दिया जाएगा, क्योंकि पौष्टिक आहार खाने से टीबी की बीमारी जल्दी ठीक होती है।
प्रधान ने कहा कि हर किसी को टीबी मरीजों की मदद करने के लिए आगे आना चाहिए और भेदभाव नहीं करना चाहिए। गांव में अभियान चलाकर ग्रामीणों को टीबी की बीमारी के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। उन्हें टीबी के लक्षण बताकर समय-समय पर जांच के लिए प्रेरित करेंगे।
- बागपत शहर व पांच गांवों के मरीज भी गोद लेगी प्रधान
फैजपुर निनाना गांव की प्रधान प्रीति देवी अपनी ग्राम पंचायत ही नहीं बल्कि बागपत शहर और पांच ग्राम पंचायतों के मरीजों को भी गोद लेंगी। प्रधान ने टीबी के मरीज गोद लेकर एक नई मिसाल कायम की है। प्रधान द्वारा 30 से अधिक मरीजों को गोद दिया जाएगा और इसकी सूची सोमवार को दी जाएगी।
- वर्जन
- प्रदेश में अभी तक भी किसी प्रधान ने आगे आकर टीबी के मरीजों को गोद नहीं लिया है। फैजपुर निनाना गांव की प्रधान ने इसके लिए कदम आगे बढ़ाया है। उन्हें बागपत शहर सहित पांच गांवों के टीबी मरीजों को गोद दिलाया जाएगा और इसके लिए प्रधान तैयार हो गईं हैं। - मनीष पांडेय, जिला समन्वयक क्षय विभाग