यूपी बोर्ड परीक्षा
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से दिव्यांगों के लिए भी रहेगी स्वकेंद्र परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। यूपी बोर्ड परीक्षा में इस वर्ष छात्राओं और दिव्यांग छात्रों को दूर के केंद्रों पर परीक्षा देने के लिए नहीं जाना पड़ेगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से दिए गए निर्देशों में छात्राओं के लिए केंद्र से पांच किलोमीटर के अंतराल पर ही परीक्षा केंद्र होंगे। यदि यह संभव नहीं होगा तो उनकी परीक्षाएं स्वकेंद्र पर कराई जाएंगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले में 45 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित कर आपत्ति मांगी गई थी। केंद्र व्यवस्थापकों ने 17 आपत्तियां दर्ज की थी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने आपत्तियों का निस्तारण कर एक परीक्षा केंद्र काटकर 44 परीक्षा केंद्र निर्धारित कर सूची जारी कर दी है। फिलहाल विधानसभा चुनावों के बाद मार्च से अप्रैल माह के बीच यूपी बोर्ड की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद से दिव्यांग परीक्षार्थियों को स्वकेंद्र पर परीक्षा देने की छूट दी गई है। अब विभाग दिव्यांग बोर्ड परीक्षार्थियों का सीएमओ से प्रमाणित प्रमाणपत्र विभाग के पोर्टल पर अपडेट करेगा। इसके लिए विभाग ने स्कूल प्रबंधकों को आदेश जारी कर दिया है।
श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजीव तोमर ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा में बालिकाओं के लिए अपने स्कूल से पांच किलोमीटर के दायरे में केंद्र या स्वकेंद्र रखने के निर्देश हैं। वहीं, दिव्यांग परीक्षार्थियों को भी स्वकेंद्र परीक्षा के आदेश हैं।