बागपत कलक्ट्रेट में नामाकंन फार्म देते अहमद हमीद
- फोटो : amar ujala
बागपत। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के पांचवें दिन बसपा के तीनों और बागपत से भाजपा के प्रत्याशी समेत पांच नामांकन दाखिल हुए। पुलिस ने कलक्ट्रेट में चेकिंग अभियान चलाया। डीएम और एसपी ने खुद निरीक्षण किया।
बागपत विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर रामप्रसाद सिंह ने बताया कि शनिवार को बागपत सीट से भाजपा के योगेश धामा, बसपा के नवाब अहमद हमीद, बहुजन मुक्ति पार्टी के सोहनबीर बौद्ध ने पर्चे दाखिल किए। इसके अलावा, कांग्रेस और आईएमसी के प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे। बड़ौत विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बसपा के लोकेश दीक्षित ने पर्चा दाखिल किया, जबकि सर्वसंभाव पार्टी और आईएमसी के प्रत्याशियों ने पर्चे खरीदे।
छपरौली विधानसभा क्षेत्र की चुनाव अधिकारी दीपाली कौशिक ने बताया कि बसपा प्रत्याशी राजबाला चौधरी ने नामांकन दाखिल किया। सर्वोदय भारत और एक निर्दलीय प्रत्याशी ने नामांकन फार्म खरीदा। जिला निर्वाचन अधिकारी हृदय शंकर तिवारी ने बताया कि नामांकन पत्र शांतिपूर्वक दाखिल हुए हैं। इसके अलावा तीनों विधानसभाओं से निर्दलीय और अन्य दलों के प्रत्याशियों ने भी आज नामांकन पत्र खरीदे। एएसपी अजीजुल हक और सीओ श्वेताभ पांडेय ने बताया कि नामांकन के दौरान कलक्ट्रेट में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रत्याशियों को जांच के बाद ही भेजा गया।
बैलगाड़ी में पहुंचे भड़ाना, नामांकन दाखिल नहीं
रालोद के बागपत प्रत्याशी करतार भड़ाना को शनिवार को नामांकन फार्म दाखिल करना था। दोपहर एक बजे वह बैलगाड़ी से काफिले के साथ कलक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। रालोद जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रदीप सिंह ने बताया कि देर हो जाने के कारण वह नामांकन दाखिल नहीं कर सके। पुलिस अफसरों ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया। भड़ाना के काफिले से हाईवे पर जाम के हालत बन गए थे।