स्कूल चलो अभियान
बेसिक शिक्षा निदेशक ने बीएसए को पत्र भेजकर जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से चलाए जा रहे स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत होने वाले नामांकन का ब्योरा प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा निदेशक ने बीएसए को भेजे पत्र में शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए है।
छह से 14 वर्ष के बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराने के लिए एक अप्रैल से सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। शिक्षक घर-घर जाकर लोगों को बच्चों का नामांकन स्कूलों में कराने के लिए जागरूक कर रहे है। बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन कराने के लिए शासन स्तर से जिलेवार अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किया गया था। बेसिक शिक्षा निदेशक डॉ सवेंद्र विक्रम बहादूर सिंह ने बीएसए को भेजे पत्र में बताया है कि 16 मई को बेसिक शिक्षा सचिव ने बच्चों के नामांकन का ब्योरा प्रेरणा पोर्टल पर अपडेट करने की समीक्षा की थी। उन्होंने शत-प्रतिशत बच्चों का डाटा अपडेट न होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की थी। आजमगढ़, एटा, चित्रकूट, महोबा, मैनपुरी, कौशांबी, गाजियाबाद, बस्ती व गोरखपुर को छोड़कर किसी भी जिले से शत-प्रतिशत बच्चों का डाटा अपडेट नहीं किया। बेसिक शिक्षा निदेशक ने बीएसए को भेजे पत्र में बच्चों का नामांकन पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए है।