कलक्ट्रेट में बैठक को संबोधित करते सीडीओ जेपी रस्तौगी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सीडीओ जेपी रस्तोगी ने कहा हौसला पोषण योजना का जिले में शुभारंभ दो अगस्त से होगा। प्रदेश में चार फेज मेें योजना लागू होगी। उन्होंने बताया समेकित पोषण कार्यक्रम के तहत चिन्ह्ति अति कुपोषित बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों में दैनिक मानक के अनुसार भोजन खिलाया जाएगा।
कलक्ट्रेट सभागार में सीडीपीओ ने ग्राम प्रधानों एवं आंगनबाड़ी की कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें सीडीओ जेपी रस्तोगी ने बताया हौसला पोषण योजना गर्भवती महिलाओं और अति कुपोषित बच्चों के लिए है। इसमें घी और दूध की आपूर्ति आंगनबाड़ी केंद्रों पर पीसीडीएफ के माध्यम से कराई जाएगी।
अति कुपोषित बच्चों को प्रतिदिन मध्याह्न में पकाया भोजन और फल भी खिलाया जाएगा। बच्चों का नियमित वजन कराया जाएगा। अति कुपोषित बच्चों की माताओं को स्वास्थ्य पोषण परामर्श दिया जाएगा। टीकाकरण और सप्लीमेंट देना एवं वीएचएनडी सेवा का प्राप्त करना तय किया जाएगा।
उन्होंने कहा भोजन पकवाने का उत्तरदायित्व ग्राम प्रधानों का होगा और लाभार्थियों को भोजन कराने का उत्तरदायित्व संबंधित ग्राम प्रधान और आंगनबाड़ी का होगा। छह माह से तीन वर्ष के अति कुपोषित बच्चों को हाट कुक्कड़ योजना के मेन्यू के अनुसार गर्म पकाया भोजन और मौसमी फलों का वितरण होगा।
गर्भवती महिलाओं को केंद्र पर भोजन कराने के बाद लाल रंग की आयरन गोली भी खिलाई जाएगी। गर्भवती महिलाओं के भोजन के मेन्यू में दही और दूध की व्यवस्था कराई जाएगी।