बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन
बड़ौत। भवन जर्जर हो जाने पर शुक्रवार को एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर तैनात कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने भवन की मरम्मत कराएं जाने को लेकर जमकर हंगामा-प्रदर्शन व नारेबाजी की और जल्द कार्रवाई नहीं होने पर कार्य बहिष्कार कर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर के नेतृत्व में शुक्रवार को काफी संख्या में कर्मचारी एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। मनोहर सिंह ने बताया कि कार्यालय का भवन काफी जर्जर हो चुका है, जिसके गिरने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बृहस्पतिवार को भी कार्यालय पर काम करने वाले कर्मचारी आतिक व अरविंद के सिर पर जर्जर भवन से एक पत्थर का टुकड़ा गिर गया, जिससे आतिक घायल भी हो गए, पहले भी ऐसा हो चुका है, लेकिन बार-बार शिकायत किए जाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में मनोहर सिंह तोमर, बूलचंद, अमित, राधेश्याम गुप्ता, राकेश, संदीप, आतिक, रामसिंह, प्रवेश, दिनेश, सतेंद्र मलिक शामिल रहे।
बिल्डिंग काफी जर्जर हो चुकी है। इस संबंध मेें मेरठ में सिविल विभाग को बताया गया था, जिसके बाद वे सर्वे कर रिपोर्ट बनाकर ले गए थे, लेकिन अभी तक न तो इस्टीमेट पास हो पाया है और न ही काम। - गोपाल सिंह, एक्सईएन प्रथम।