बागपत। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए एहतियात बरतते हुए जिले के नर्सिंग होम और क्लीनिक बंद कर दिए गए थे। स्वास्थ्य विभाग ने अब 71 अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं के संचालन की अनुमति दी है। बिना अनुमति के खुलने वाले चिकित्सालयों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्रवाई की जाएगी। इमरजेंसी संचालन के लिए डॉक्टरों को प्रशिक्षण दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी अस्पतालों का दौरा कर व्यवस्थाएं देखीं।
जिले में पंजीकृत 81 नर्सिंग होम एवं क्लीनिक में से 71 को स्वास्थ्य विभाग ने निरीक्षण एवं प्रशिक्षण के बाद इमरजेंसी सेवाओं के संचालन के लिए हरी झंडी दी है। अन्य चिकित्सालयों एवं चिकित्सकों के खिलाफ छापा मार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। नर्सिंग होम के निरीक्षण के लिए नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ दीपा सिंह व सहायक नोडल अधिकारी डॉ अजय शर्मा ने बताया कि जिले में भी टीम निजी अस्पतालों व क्लीनिकों का निरीक्षण कर रही है। फिलहाल 71 निजी चिकित्सालयों को प्रशिक्षण के बाद इमरजेंसी की अनुमति प्रदान की गई है। निरीक्षण के दौरान अनियमितता मिलने या शिकायत मिलने पर जांच के उपरांत संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के निर्देश
बागपत। डॉक्टर अजय शर्मा ने बताया कि सभी निजी चिकित्सालयों व क्लीनिक संचालकों को मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के निर्देश दिए गए है। नियमित निरीक्षण अभियान चलाकर चेकिंग की जा रही है। निर्देशों का पालन न होने पर संबधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।