संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। निजीकरण के विरोध में मंगलवार को ऊर्जा निगम के कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदर्शन किया। दो घंटे कार्य बहिष्कार कर जल्द से जल्द निजीकरण पर अंकुश लगाने की मांग की।
विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर के नेतृत्व में जनपद के बिजली कर्मचारी एक्सईएन प्रथम कार्यालय कोताना रोड पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार बिजली कर्मचारियों का शोषण करने पर तुली हुई है। सरकार ने ऊर्जा निगम के निजीकरण की तैयारियां भी शुरू कर दी है। यदि ऐसा हुआ तो प्रदेश के लाखों बिजली कर्मचारियों को नुकसान उठाना पड़ेगा। इसको कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला महामंत्री सुरेन्द्र तोमर ने बिजली कर्मचारियों से एकजुट होकर प्रदेश सरकार को अपनी ताकत का एहसास कराने का आह्वान किया। इस अवसर पर धर्मपाल, आरिफ चौहान, राधेध्याम गुप्ता, आतिक, प्रमोद, दिनेश, सुनील शामिल रहे।