बागपत, अमीनगर सराय। बिजली लाइन में फाल्ट आने से सिंघावली अहीर, सैडभर और नवादा गांव के दस हजार घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद ऊर्जा निगम के कर्मी कोहरे में फाल्ट नहीं तलाश पाए। मंगलवार दोपहर फाल्ट ठीक कर बिजली आपूर्ति जारी की गई, इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
सिंघावली अहीर गांव के पास बिजली की हाईटेंशन लाइन में फाल्ट होने के बाद उससे जुड़े सिंघावली अहीर, सैडभर और नवादा गांव के फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात करीब 12 बजे बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद ऊर्जा निगम के कर्मी फाल्ट तलाशने में जुट गए। रात में घना कोहरा होने के कारण कर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। बिजली आपूर्ति ठप होने से दस हजार परिवारों को पानी, पशुओं के चारे समेत अन्य दैनिक कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार की सुबह कोहरा कम होने के बाद ऊर्जा निगम के कर्मियों को फाल्ट मिला, जिसे ठीक करने के बाद बिजली आपूर्ति जारी की जा सकी।
- सुबह उठते ही पानी के लिए करनी पड़ी मशक्कत
रात में बिजली आपूर्ति ठप होने का पता सुबह जागने पर चला। सुबह उठे तो पानी की समस्या बन गई, इसके बाद पड़ोस में लगे सरकारी हैंडपंप से पानी की आपूर्ति करनी पड़ी। - राजीव शर्मा, सिंघावली अहीर
- पशुओं के चारे के लिए करना पड़ा इंतजार
बिजली आपूर्ति ठप होने से मंगलवार की सुबह पशुओं के चारे की व्यवस्था करनी में मशक्कत करनी पड़ी। किसानों को पशुओं का चारा काटने के लिए जनरेटर चलाना पड़ा। - अनिल यादव, सिंघावली अहीर
- वर्जन-बिजली लाइन में फाल्ट होने के कारण आपूर्ति ठप हो गई थी। रात में घना कोहरा छा गया, जिसकी वजह से कर्मी फाल्ट नहीं तलाश पाए। फाल्ट तलाश कर ठीक कराने के बाद बिजली आपूर्ति जारी कर दी गई। - संजय कुमार, अवर अभियंता ऊर्जा निगम