-अग्रवाल मंडी टटीरी में दिल्ली-सहारनपुर रेलवे लाइन पर किया जा रहा ओवरब्रिज का निर्माण
-बिजली के खंभों के कारण नहीं चल सकीं मशीनें, रेलवे और ऊर्जा निगम के अफसरों ने लाइन शिफ्ट कराने पर मंथन किया
फोटो सात
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर दिल्ली-सहारनपुर रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज के निर्माण में बिजली के खंभे बाधा बन गए हैं। इस कारण ओवरब्रिज निर्माण में लगी मशीनें काम नहीं कर पाईं। रेलवे और ऊर्जा निगम के अफसरों ने दो घंटे तक समस्या का समाधान कराने पर मंथन किया। बाद में जल्द ही बिजली लाइन शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया।
सितंबर माह में अग्रवाल मंडी टटीरी में रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज का शुरू कर दिया गया था। इसके लिए मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर वाहनों का रूट डायवर्जन भी किया गया है। अब ओवरब्रिज के निर्माण में लगी मशीनें बिजली के खंभों और लाइनों के कारण काम नहीं कर पा रही हैं, क्योंकि बिजली लाइन में मशीनों के टच होने से हादसा हो सकता है। इसके चलते मशीनों को दूसरे कार्यों में लगाना पड़ा। शनिवार को रेलवे के अधिकारी सत्यवीर सिंह, अमरजीत सिंह, वरिष्ठ इंजीनियर सुनील कुमार ने वहां पहुंचकर स्थिति देखी। इसकी जानकारी ऊर्जा निगम के अफसरों को भी दी गई। जांच में पता चला कि बिजली के दस खंभे ओवरब्रिज निर्माण में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं, जिनके शिफ्ट होने के बाद ही निर्माण तेजी से कराया जजा सकेगा। इसको लेकर रेलवे और ऊर्जा निगम के अफसरों के बीच दो घंटे तक बैठक चली।
वर्जन-
ओवरब्रिज निर्माण के लिए बिजली के खंभे शिफ्ट किए जाएंगे। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है, जल्द ही बिजली के खंभे और लाइन शिफ्ट करा दी जाएगी। -राजीव कुमार, अवर अभियंता, ऊर्जा निगम।