बागपत : मृतक भोपाल का फाइल फोटो
- फोटो : ?????
उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में घर का बिजली कनेक्शन काटे जाने और बिल जमा नहीं होने पर जेल भेजने की धमकी पर सरूरपुरकलां गांव में हार्ट अटैक से एक किसान की मौत हो गई। जिस पर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया और किसान के परिवार को मुआवजा और बिजली बिल माफ करने की मांग की।
सरूरपुरकलां गांव निवासी मुकेश पुत्र भोपाल ने बताया कि दो दिन पहले विद्युत निगम की टीम ने 50 हजार रुपये बिल बकाया होने पर घर का बिजली कनेक्शन काट दिया था। आरोप लगाया कि बिजली कर्मियों ने बिल जमा नहीं करने पर उसके पिता भोपाल को जेल भेजने की धमकी दी थी। जिससे उसके पिता को गहरा आघात लगा और रविवार को हृदयाघात होने से उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: Gym Trainer Death: संजीव धामा की मौत के बाद कमरे से मिली ऐसी चीज, पत्नी बोली-पता होता तो रोक लेती
मुकेश ने बिजली बिल माफ करने, मुआवजा देने और धमकी देने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। उधर एसई रणविजय सिंह का कहना है कि जिन पर बिजली बिल बकाया है, उन्हें जमा कराना ही होगा। जहां तक किसान की मौत की बात है, तो उसके बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है।
बिल बकाए के नाम पर उत्पीड़न का आरोप
सरूरपुरकलां गांव में किसान की मौत होने पर ग्रामीणों में आक्रोश जताया। ग्रामीण सुभाष नैन ने कहा कि बिजली बिल बकाया होने के नाम पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बकाया गन्ना भुगतान अभी नहीं दिया गया, जबकि बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उन्होंने पहले बकाया गन्ना भुगतान देने और उसके बाद बिजली जमा कराने की मांग की।