रमाला (बागपत)। रमाला थाने से शनिवार रात को दुष्कर्म का आरोपी हथकड़ी खोलकर भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी के परिजनों ने रिश्ते के चाचा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। जिसमें पुलिस ने आरोपी संदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शुक्रवार रात को हिरासत में लिया था। बताया कि पकड़े गए आरोपी ने पहले भी हिरासत से भागने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका। जिस पर पुलिसकर्मियों ने हथकड़ी लगाकर रोशनदान से बांधकर उसे बैठा दिया था।
शनिवार रात को मौका देखकर आरोपी ने हथकड़ी खोल दी और थाने से भाग गया। पता चलने पर पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई और उसकी तलाश शुरू कर दी। रविवार को दिनभर पुलिसकर्मी आरोपी की तलाश में दबिश देते रहे, लेकिन वह पकड़ नहीं गया। उधर आरोपी युवक के परिजनों ने पुलिस पर कई दिन से हिरासत में रखने का आरोप लगाया। सीओ युवराज सिंह का कहना है कि फरार आरोपी संदीप की तलाश में दो टीमें लगाई गई हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
--
पहले भी थानों से भाग चुके हैं कई आरोपी
रमाला थाने से आरोपी के भागने की घटना पहली बार नहीं हुई है। बल्कि इससे पहले भी आरोपी थाने से भाग चुके हैं। बागपत कोतवाली से कई साल पहले हवालात की दीवार उखाड़कर आरोपी भाग गए थे। जिसमें कई पुलिस कर्मी सस्पेंड हुए थे। वहीं पिछले साल ही बड़ौत कोतवाली से दहेज हत्या का आरोपी दीवार कूदकर फरार हो गया था। इसमें भी कई पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हुई थी।