खेकड़ा। कस्बे में एक फैक्टरी से चोर लाखों रुपये कीमत के विद्युत मोटर, केबिल, स्टार्टर और लोहे का सामान चोरी कर ले गए। फैक्टरी मालिक ने कोतवाली में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
कस्बे के रहने वाले सूरज और राधेश्याम ने कोतवाली में शिकायत कर बताया कि फखरपुर रोड पर उनकी प्लास्टिक का दाना बनाने की फैक्टरी है। शुक्रवार की रात फैक्टरी में चोर घुस गए। चोर फैक्टरी से मशीनों पर लगे करीब चार लाख रुपये कीमत के सात विद्युत मोटर और करीब एक लाख रुपये कीमत के विद्युत केबिल, स्टार्टर और लोहे का अन्य सामान चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह फैक्टरी में पहुंचने के बाद उन्हें चोरी की घटना का पता लगा।
शंका के चलते उन्होंने फैक्टरी में काम करने वाले एक कर्मचारी से चोरी की घटना के बारे में पूछताछ की। कड़ा रुख अपनाने पर कर्मचारी ने चोरी कर सामान को गाजियाबाद जनपद के नानू गांव में एक कबाड़ी को बेचना स्वीकार कर लिया। कबाड़ी के पास पहुंचने पर कबाड़ी ने भी चोरी का माल खरीदना स्वीकार किया है। फैक्टरी मालिकों ने पुलिस से चोरों के खिलाफ कार्रवाई कराने के साथ ही चोरी गया माल बरामद कराने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी राजबीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।