बागपत और अमीनगर सराय में ब्लॉक प्रमुख चुनाव में शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया हुई। बागपत ब्लाॅक में सुभाष गुर्जर और पिलाना ब्लॉक में अनीश यादव के सामने एक भी प्रत्याशी ने नामांकन नही किया गया। इस पर नामांकन पत्रों की जांच के उपरांत दोनों प्रत्याशियों को निर्विरोध ब्लॉक अध्यक्ष चुन लिया गया।
पिलाना ब्लॉक में पूर्व जिला पंचायत सदस्य अभयवीर सिंह ने गुरुवार को ही अनीश यादव को अपना समर्थन दे दिया था। वहीं बागपत ब्लॉक में अध्यक्ष पद के लिए एक मात्र उम्मीदवार सुभाष गुर्जर ने शुक्रवार को नामांकन किया। नामांकन के उपरांत नामांकन पत्रों की जांच कर शाम को सुभाष गुर्जर को बागपत और अनीश यादव को पिलाना ब्लॉक का अध्यक्ष चुन लिया गया। ब्लॉक अध्यक्ष चुने जाने के बाद प्रत्याशियों के समर्थकों ने दोनों ब्लॉक प्रमुखों का फूलमाला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। पिलाना एआरओ जिला विकास अधिकारी हाकिम सिंह ने बताया कि ब्लॉक अध्यक्ष के लिए पांच नामांकन पत्र खरीदे गए थे।
शुक्रवार को पिलाना ब्लॉक में एक भी आवेदक ने फार्म जमा नहीं किया। इस पर अनीश यादव को निर्विरोध ब्लॉक अध्यक्ष चुन गया गया। उधर, बागपत ब्लॉक एआरओ धुरेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को बागपत ब्लॉक अध्यक्ष पद के लिए सुभाष गुर्जर ने ही नामांकन पत्र दाखिल किया था। उन्हें भी निर्विरोध ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत कर दिया गया है। सुभाष गुर्जर के निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख चुने जाने पर समाजवादी पार्टी कार्यालय पर जश्र मनाया गया। इस मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉक्टर एसपी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रदीप सिंह, पूर्व प्रधान ओमपाल गुर्जर, प्रताप गुर्जर, सोहनवीर शर्मा, रामनिवास सिंह, आनंद चौधरी, सतीश पावला, भुरु, कुलभूषण जैन, रामनिवास, धूम सिंह, मनोज तोमर मौजूद रहे।
तीन ने नामांकन कराए
छपरौली। ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के लिए छपरौली ब्लॉक से तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे। प्रभारी बीडीओ कृष्णपाल मान ने बताया कि गांव लूंब से नीशा पत्नी संजीव, हलालपुर से अंशु पत्नी बृजपाल तथा बासौली गांव से संतोष पत्नी रमेश ने ब्लॉक प्रमुख के पद के लिए अपने नामांकन पत्र जमा कराए। 6 फरवरी को नाम वापिस तथा 7 फरवरी को पहले नामांकन पत्रों की जांच होगी ।
जितेंद्र धामा पहलवान के गांव मंे जश्न
खेकड़ा। ब्लाक प्रमुख के लिए शुक्रवार को हुई नामांकन प्रक्रिया में सांकरौद के जितेंद्र सिंह धामा को निर्विरोध चुना गया। इससे सांकरौद एवं क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने विजयी जुलूस निकाल उनका फूलमालाओं से स्वागत किया। खेकड़ा में पहली बार जाट बिरादरी का ब्लाक प्रमुख चुना गया है। इस बार के बीडीसी के चुनाव होने के बाद ग्राम सांकरौद निवासी चौधरी जितेंद्र सिंह धामा पहलवान एवं प्रमुख लीलू पहलवान के भाई मनुपाल बंसल के नाम चर्चा में थे।
चौधरी जितेंद्र सिंह धामा को चुनाव के बाद बीडीसी सदस्यों के मिले समर्थन के कारण मनुपाल बंसल ने नामांकन फार्म जमा नहीं किया। शुक्रवार को ब्लाक प्रमुख पद के नामांकन का आखिरी दिन था। जितेंद्र पहलवान ने ही नामांकन कराया। इस कारण चौधरी जितेंद्र सिंह का निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुनना तय हो गया। इसकी सूचना मिलते ही सांकरौद में लोगों ने विशाल जुलूस निकाल जश्न मनाया। ठाकुर अजय चौहान पूर्व जिला पंचायत सदस्य, पूर्व ब्लाक प्रमुख देवेंद्र गुर्जर, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव यादव, प्रमेंद्र धामा, समाजसेवी देवेंद्र धामा, इंद्रपाल प्रधान रहे।
बीडीसी ने दिया त्याग पत्र
खेकड़ा। ग्राम डगरपुर निवासी मनुपाल बंसल वार्ड नंबर 37 से बीडीसी सदस्य का चुनाव लडे़ थे और और उस पर जीत हासिल की थी। पूर्व में उन्होंने खुद को ब्लाक प्रमुख पद का प्रबल दावेदार बताया था। मगर, किन्हीं कारणों से उन्होंने ब्लाक प्रमुख पद के लिये अपना नामांकन फार्म जमा नहीं किया। शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे वह खेकड़ा खंड विकास कार्यालय पर पहुंचे और बीडीसी सदस्य पद से त्याग पत्र खंड विकास अधिकारी अमित कुमार को सौंप दिया।
बड़ौत में तीन में चुनावी जंग
बड़ौत। ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के लिए बड़ौत और बिनौली ब्लाक में नामांकन प्रक्रिया कराई गई। बड़ौत ब्लाक के लिए जहां तीन प्रत्याशियों ने ही नामांकन फार्म जमा किया है, वहीं बिनौली ब्लाक मात्र एक ही नामांकन होने से प्रमुख का चुनाव निर्विरोध होना तय हो गया है। सात फरवरी को मतदान कराया जाएगा।
खंड विकास कार्यालय बड़ौत के अंतर्गत आने वाले 44 गांव के लिए नामांकन प्रक्रिया कराई गई। प्रत्याशी अपने समर्थकों के जुलूस के साथ ब्लाक कार्यालय पहुंचे और नामांकन किया। पूरा दिन ब्लॉक में भीड़ भाड़ रही। कई बार समर्थकों की पुलिस कर्मियों के साथ नोंकझोंक भी हुई। चुनाव अधिकारी पवन कुमार विश्वकर्मा और एडीओ कृषि रामवीर राठी ने बताया कि ब्लाक प्रमुख के लिए ममता पत्नी सुधीर निवासी वाजिदपुर, सीमा लता भारती पत्नी दीपक भारती निवासी वाजिदपुर और कमलेश मौर्य पत्नी आत्मराम मौर्य निवासी किशनपुर ने नामांकन फार्म जमा कराया है।
छह फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी होगी। सात फरवरी को मतदान और उसी दिन मतगणना भी होगी। इस अवसर पर बीडीओ दीपक थरेजा, एडीओ पंचायत सुधीर चौहान, ग्राम सचिव सुधीर तोमर, लोकपाल, नरेश, भूपेंद्र, वरिष्ठ सहायक विनीत मलिक, नीरज का सहयोग रहा।
उधर, बिनौली ब्लाक पर शुक्रवार को भी कड़ी सुरक्षा के बीच नामांकन प्रक्रिया कराई गई। चुनाव अधिकारी ने बालेंद्र ने बताया कि बामनौली निवासी प्रवीण पुत्र जोगेंद्र ने ही नामांकन किया है। दूसरा नामांकन पत्र जमा न होने के कारण प्रवीण चौधरी को निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुना जाना लगभग तय हो गया है। उधर, निर्विरोध चुने जाने की संभावना पर प्रवीण चौधरी के गांव बामनौली में खुशी की लहर दौड़ गई।