बागपत। कोतवाली थाना क्षेत्र सरूरपुर गांव में मंगलवार रात बच्चों के विवाद में बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सरूरपुर गांव निवासी 75 वर्षीय चंद्रपाल पुत्र होशियार सिंह के परिवार के बच्चों का मंगलवार की रात पड़ोस के बच्चों से खेलने के दौरान झगड़ा हो गया। चंद्रपाल मामले में बीच-बचाव करने गए। दूसरे पक्ष के लोगों ने चंद्रपाल के साथ भी मारपीट कर दी। वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें बड़ौत के आस्था हॉस्पिटल लेकर गए, जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र मनोज ने दूसरे पक्ष के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। इंस्पेक्टर एनएस सिरोही का कहना है कि बुजुर्ग दिल की बीमारी से ग्रसित थे। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।