उत्तर प्रदेश के बड़ौत में कांशीराम कॉलोनी मेें रविवार की रात हुए डांस कार्यक्रम की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। कार्यक्रम में शामिल पुलिस कर्मियों की पहचान शुरू कर दी गई है। उधर, कार्यक्रम में शामिल हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष व जिला सह प्रभारी सहित आदि की कार्यशैली की निंदा करते हुए भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग की है।
नगरपालिका चेयरमैन अमित राणा का कहना है कि हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष संजीव तोमर व जिला सहप्रभारी आलोक शास्त्री की यह हरकत बहुत निंदनीय है। सीएम को इस प्रकरण में तत्काल प्रभाव से उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नगर अध्यक्ष अंकित लपराना का कहना है कि यह बहुत शर्मनाक है। बिना अनुमति व कोरोना महामारी का उल्लंघन करने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
योगी सरकार में बेलगाम हो गए हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता
सपा नेता ललित जैन का कहना है कि योगीराज में अपराध, भ्रष्टाचार आम बात हो गई है। हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता हीं नहीं, इस तरह के अन्य संगठन के पदाधिकारी अपने पद का गलत इस्तेमाल कर रहे है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
ये बोले जिलाध्यक्ष व जिला सह प्रभारी
जिलाध्यक्ष संजीव तोमर व जिला सह प्रभारी आलोक कुमार का कहना है कि यह कोई आपत्तिजनक नृत्य कार्यक्रम नहीं था, सिर्फ कालोनी में एक बच्चे का जन्मदिन था।
ये बोले सीओ
सीओ आलोक कुमार का कहना है कि वीडियो में पुलिस कर्मियों का होना बताया जा रहा है, उनकी पहचान कर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।