हाईवे पर मृत मिला बुजुर्ग, हत्या की आशंका
रमाला। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित रमाला बस स्टैंड पर बुजुर्ग का शव पड़ा मिला। मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। आशंका है कि हत्या कर शव फेंका गया है। पुलिस का कहना है कि पहचान पत्र के आधार पर अनुमान है कि मृतक सहारनपुर जिले का रहने वाला है। मृतक की जेब में आधार कार्ड और दो अलग अलग तिथि के रेल टिकट मिले हैं।
रविवार सुबह रमाला बस स्टैंड के निकट हाईवे किनारे बने नाले में एक बुजुर्ग का शव पड़ा मिला। मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने शव को नाले से निकाला। मृतक के कपड़ों की जेब से आधार कार्ड और दो रेल टिकट मिले। इंस्पेक्टर महिपाल सिंह ने बताया कि जेब से मिले आधार कार्ड पर गुलफाम (62) पुत्र छोटेखान निवासी तरकडी सहारनपुर लिखा है। जो दो टिकट मिले हैं, उनमें से एक टिकट 27 दिसंबर का सहारनपुर से दिल्ली और दूसरा रेल टिकट दिल्ली से सहारनपुर 17 जनवरी का है। उन्होंने बताया कि देखने से प्रतीत होता है कि व्यक्ति की मौत कहीं दूसरी जगह हुई है और शव को हाईवे किनारे नाले में डाल दिया गया है। आधार कार्ड पर लिखे पते की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम को भेज दिया। शरीर पर किसी तरह के निशान नहीं है। मौत की वजह भी स्पष्ट नहीं हो सकी है।