बागपत कोतवाली पुलिस की हिरासत में बड़े भाई की हत्या करने वाला आरोपी युवक।
- फोटो : BAGHPAT
- बली गांव में शराब पीकर रात को घर आया था छोटा भाई, बड़े भाई ने टोकते हुए दाल की कटोरी थाली से फेंकी
- इससे नाराज होकर बड़े भाई के सिर पर सोते हुए रॉड से किया हमला, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बली गांव में एक युवक ने सोमवार की रात अपने बड़े भाई के सिर में लोहे की रॉड से हमला करके हत्या कर दी। वारदात का कारण शराब पीकर देर रात घर आने पर बड़े भाई के टोक देने को बताया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने जंगल से आरोपी भाई को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त रॉड को बरामद कर लिया।
बली गांव निवासी श्यामवीर (40) का छोटा भाई ज्ञानेंद्र उर्फ ज्ञान सोमवार रात को घर आया था। वह शराब के नशे में था और घर में आकर खाना खाने लगा। श्यामवीर ने उसे देर रात तक घर से बाहर रहने पर टोक दिया। इसे लेकर कहासुनी हो गई। इस पर श्यामवीर ने उसकी थाली में रखी सब्जी की कटोरी फेंक दी। दोनों में मारपीट शुरू हो गई। तीसरे भाई ओमवीर ने किसी तरह बीच बचाव कराया। इसके बाद श्यामवीर मकान में नीचे के कमरे में जाकर सो गया। आरोप है कि ज्ञानेंद्र करीब डेढ़ बजे छत से नीचे कमरे में आया और श्यामवीर के सिर में लोहे की रॉड से हमला करके हत्या कर दी। इसके बाद वह घर से भाग गया। अन्य परिजन जाग गए और वारदात की सूचना पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ अनुज मिश्रा ने बताया कि इस मामले में ओमवीर ने ज्ञानू उर्फ ज्ञानेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी को पुलिस ने ब्राह्मणपुट्ठी रोड से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त रॉड बरामद की गई है। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया।