ब्रहामण पुट्ठी के झगड़े में सीएचसी पहुंचे घायल
- फोटो : BAGHPAT
ब्राहमण पुट्ठी में फायरिंग और पथराव में आठ घायल
बागपत। ब्राहमण पुट्ठी गांव में मामूली कहासुनी के बाद एक पक्ष के लोगों पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। फायरिंग की गई। गोली लगने से छात्र घायल हो गया। बीच-बचाव में आए लोगों पर भी लाठियां बरसाई गई। इसमें महिला सहित आठ लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन हत्थे नहीं चढ़े।
ब्राहमण पुट्ठी गांव निवासी चालक मनोज शर्मा ने बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे उसका बेटा कक्षा 11 का छात्र नीतिश शर्मा अपनी मां नीतू के साथ गांव में दूध लेने जा रहा था। गांव के ही दूसरे पक्ष के लोगों ने एक सप्ताह पहले उसके दूसरे बेटे अमन के साथ मामूली कहासुनी की रंजिश में नीतिश पर हमला बोल दिया। फायरिंग की गई, जिसमें नीतिश को गोली लग गई। बचाव के लिए पहुंचे लोगों पर लाठी डंडों से हमला किया गया। पथराव भी किया गया। हमलावरों की संख्या दस बताई गई है। करीब बीस मिनट तक लाठी डंडों से हमला किया गया, इसके बाद हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी बागपत लेकर आई। घायल नीतिश, नीतू, बिमलेश, मनोज, बालकिशन, प्रवेश, विकास और गौरव घायल हुए हैं। एसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।