यूपी बोर्ड परीक्षा
- 14 नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए, करेंगे शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 20 मार्च तक परिषद की वेबसाइट पर शिक्षकों की सूची और शैक्षिक विवरण अपडेट करने के निर्देश दिए है। शिक्षकों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच के बाद अपलोड करने की जिम्मेदारी नोडल अधिकारियों को सौंपी गई है। इसके लिए 14 नोडल अधिकारी नामित किए गए है। गलत सूचना अपलोड होने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य और नोडल अधिकारी को जिम्मेदार माना जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वेश कुमार ने बताया कि परिषदीय परीक्षाओं में कक्ष निरीक्षक एवं मूल्यांकन के लिए शिक्षकों को ही नियुक्त किया जाएगा। 20 मार्च तक शिक्षकों के शैक्षिक विवरण अपडेट करना है। शिक्षक का विवरण अपडेट न करने, दिवंगत अथवा विद्यालय छोड़ चुके शिक्षकों का नाम सूची से हटाया जाएगा। मूल्यांकन व कक्ष निरीक्षक का कार्य करने के इच्छुक सेवानिवृत्त शिक्षकों का विवरण संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को आवेदन देने पर उनका विवरण सेवानिवृत्त शिक्षक श्रेणी के अंतर्गत अपलोड किया जाएगा। 20 मार्च तक शिक्षकों की सूची अपडेट करने के उपरांत 22 मार्च तक प्रमाणित सूची कार्यालय में जमा करनी होगी। शिक्षकों का विवरण अपलोड करने के लिए जिले में विद्यालय वार 14 नोडल अधिकारी नामित किए गए है। नोडल अधिकारी विद्यालयवार जांच कर परिषद की वेबसाइट पर सूचना अपलोड कराएंगे। अनर्ह शिक्षक अथवा कर्मचारी का डाटा वेबसाइट पर अपलोड होने पर नोडल अधिकारी और विद्यालय के प्रधानाचार्य को जिम्मेदार माना जाएगा।